कानपुर देहात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के तत्वावधान में दिनांक 14 मार्च 2026 (शनिवार) को जिला न्यायालय परिसर, कानपुर देहात में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/माननीय जनपद न्यायाधीश रविंद्र कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन तथा अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/माननीय जनपद न्यायाधीश रविंद्र कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को जिला कचहरी परिसर से प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद की सभी तहसील क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए आम जनमानस को राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के संबंध में जानकारी प्रदान कर रहा है तथा लोगों को अपने अधिक से अधिक वादों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत वैकल्पिक विवाद निस्तारण की एक प्रभावी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आपसी सहमति से वादों का शीघ्र, सरल एवं कम खर्च में निस्तारण किया जा सकता है। लोक अदालत में निस्तारित वादों पर न्यायालय शुल्क वापस किया जाता है तथा निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है। प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना करने के अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी/माननीय अपर जिला जज प्रथम रजत सिन्हा, माननीय अपर जिला जज द्वितीय शैलेंद्र कुमार, माननीय अपर जिला जज तृतीय पारुल, माननीय अपर जिला जज कोर्ट संख्या-15 सुरेंद्र सिंह, माननीय अपर जिला जज एफटीसी प्रथम हिमांशु कुमार सिंह, माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कानपुर देहात रणविजय सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात की माननीया सचिव नूपुर श्रीवास्तव सहित अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारी एवं विद्वान अधिवक्तागण उपस्थित रहे। इस दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश रविंद्र कुमार सिंह, माननीय अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत रजत सिन्हा, माननीय अपर जिला जज एफटीसी प्रथम हिमांशु कुमार सिंह, माननीय अपर जिला जज कोर्ट संख्या-15 सुरेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रणविजय सिंह एवं डीएलएसए की माननीया सचिव नूपुर श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों द्वारा कचहरी परिसर में उपस्थित वादकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की गई तथा उन्हें लोक अदालत के माध्यम से अपने वादों का अधिकाधिक निस्तारण कराने के लिए प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा जनपद के समस्त वादकारियों से अपील की गई है कि वे 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने लंबित वादों का आपसी सहमति से निस्तारण कराएं और इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठाएं।










