


कानपुर देहात, 29 नवंबर 2026। जनपद में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन एक शहरी एवं 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित कुल 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में पहुंचे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान कुल 1636 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 811 पुरुष, 642 महिलाएं और 183 बच्चे शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में 50 चिकित्सक एवं 114 पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। मेले में 736 मरीजों की कोविड हेल्थ डेस्क पर जांच की गई, जिसमें कोई भी मरीज कोविड जांच में पॉजिटिव नहीं पाया गया। इसके अलावा 29 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
मेले में बुखार से पीड़ित 183 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 49 मरीजों की मलेरिया और 7 मरीजों की डेंगू जांच की गई। जांच में कोई भी मरीज मलेरिया अथवा डेंगू से पीड़ित नहीं मिला। वहीं, 38 मरीजों की नेत्र जांच की गई तथा 122 लोगों को तंबाकू छोड़ने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 105 मरीज सर्दी-जुकाम, 139 पेट संबंधी रोग, 221 त्वचा रोग, 59 एनीमिया, 83 मधुमेह और 66 मरीज उच्च रक्तचाप से पीड़ित पाए गए। इसके अतिरिक्त 34 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच में कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं मिला, जबकि टीबी के 7 संभावित मरीज चिह्नित किए गए। इनमें से 4 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
अधिकारियों ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए विभिन्न अधिकारियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पवन कुमार ने राजपुर एवं रसमधान, डॉ. विकास कुमार ने मुसानगर, देवराहट, जरसेन एवं सराय, डॉ. सुनील कुमार ने सरवनखेड़ा एवं रनियां, डॉ. अनुप कुमार ने मड़ौली एवं खरबाहार तथा डॉ. सुमित सिंह ने ओनहां एवं शिवली का निरीक्षण किया।
इसके अलावा डॉ. राजीव शेखर ने पहाड़ीपुर, कहिंजरी एवं तिस्ती, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने मैथा, मैथा स्टेशन एवं रंजीतपुर तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हर्ष मोहन सचान ने बड़ागांव भिखी, नुनारी एवं बनीपारा के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य विभाग के इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच, उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
Author: Jansan Desh 24










