कानपुर देहात। जनपद जालौन मॉडल के तहत सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार किए जाने के क्रम में थाना भोगनीपुर परिसर में सर्किल भोगनीपुर के सभी थानों के पुलिसकर्मियों के लिए फॉरेन्सिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से फॉरेन्सिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संकलित करने की जानकारी दी गई। साथ ही साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं अखंडता बनाए रखने और विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य घटनास्थल पर वैज्ञानिक एवं फॉरेन्सिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाकर विवेचना की गुणवत्ता में सुधार करना है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।













