जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्धजनों से संवाद कर जाना हाल-चाल, सुने जीवन के अनुभव।
कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत वृद्ध आश्रम रनियां में निवासरत वृद्धजनों के सम्मान एवं उनके साथ आत्मीय संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृद्धजनों को अंगवस्त्र, फल एवं मिष्ठान वितरित कर उनका सम्मान किया गया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल , राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला , सांसद देवेंद्र सिंह भोले , जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी , भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पांडे तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्ध आश्रम में निवास कर रहे वृद्धजनों से आत्मीयतापूर्वक संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, दैनिक जीवन तथा आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वृद्धजनों से उनके जीवन के अनुभव भी सुने। वृद्धजनों ने अपने जीवन से जुड़े विभिन्न अनुभव एवं संस्मरण साझा किए। संवाद के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्धजनों को सम्मान एवं अपनत्व का भाव प्रदान करते हुए उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर वृद्ध आश्रम में निवासरत कई वृद्धजनों ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति भी दी। भजनों के माध्यम से वृद्धजनों ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं भावनात्मक वातावरण का निर्माण किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा फल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने वृद्धजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृद्ध आश्रम में निवासरत सभी वृद्धजनों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।











