कालपी में गणेशोत्सव की धूम, मंदिरों और पंडालों में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे

कालपी (जालौन)। सोमवार को गणेश जन्मोत्सव के साथ गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई। इस दौरान गणेश मन्दिर में विशेष पूजा अर्चना आयोजित हुई तो श्याम पैलेस में भी गणेश प्रतिमा स्थापित की गई।
*वैसे तो गणेशोत्सव महाराष्ट्र का प्रमुख त्योहार है लेकिन अब इसकी झलक नगर में भी दिखाई देने लगी है और इसी के चलते सोमवार को गणेशगंज स्थित गणेश मन्दिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। जिसमे नगर तथा क्षेत्र के आस्थावानों ने भाग लिया।मंदिर के पुजारी पंडित अनिल कान्हेरे ने बताया कि उनके परिवार की आठ पीढ़ियां मंदिर की सेवा करती आ रही हैं। मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी काफी पुरानी बताई जाती है। मान्यता के अनुसार करीब 600 वर्ष पूर्व छत्रपति शिवाजी के गुरु समर्थ रामदास अपने गुरु की समाधि पर पूजन के लिए कालपी आए थे। इसी दौरान उन्होंने बलुई मिट्टी से दक्षिणमुखी गणेश मंदिर की स्थापना कराई थी।वहीं मंदिर की दूसरी स्थापना को पेशवा बाजीराव प्रथम से जोड़कर देखा जाता है। बताया जाता है कि औरंगजेब के सेनापति बंगश खां द्वारा राजा छत्रसाल पर आक्रमण किए जाने के बाद छत्रसाल ने पेशवा बाजीराव प्रथम से सहायता मांगी थी। सहायता के लिए कालपी आए बाजीराव ने मंदिर में संगमरमर की उत्तरमुखी गणेश प्रतिमा स्थापित कराई थी। युद्ध में विजय के बाद राजा छत्रसाल ने बाजीराव को दत्तक पुत्र मानकर जागीरों के साथ हीरा, माणिक और पन्ना भेंट किए थे। सुबह गणपति अथर्वशीर्ष शत-आवर्तन पाठ के बाद गणपति पंचरत्न पाठ एवं रुद्री पाठ के माध्यम से भगवान गणेश का अभिषेक किया गया। दोपहर में गणेश जन्मोत्सव पूजन एवं आरती संपन्न हुई। इस दौरान विशेष रूप से गणेश भगवान के अनन्य भक्त अतुल बड़ेरिया (सिन्टू), नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द यादव, विवेक दीक्षित, वीरपाल सिंह मगरौल के साथ साथ सैकड़ों की संख्या मे महिलाएं उपस्थित रहीं ।
वही दूसरी ओर वैदिक मंत्रों व ढोल नगाड़ों के बीच श्याम पैलेस के गणेश पंडाल में आचार्यों द्वारा गणेश प्रतिमा की मूर्ति की स्थापना की गई।इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।सोमवार की सुबह श्याम पैलेस के गणेश पंडाल में आयोजित नवम गणेश महोत्सव के प्रथम दिवस का पूजन यश गुप्ता व अपेक्षा गुप्ता द्वारा प्रदान वेदियों के अलावा अन्य वेदियों का पूजन-अर्चन किया गया तथा सिद्ध योग सत्संग मंडल द्वारा भजन कीर्तन के अलावा दिव्य मराठी आरती में श्रोता गण भाव विभोर हो उठे तथा भोग प्रसाद में पंचामृत,स्रुवा, मंगौड़ी,केला,बूंदी के लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।इस दौरान विधायक विनोद चतुर्वेदी,पूर्व विधायक डाक्टर अरूण मैहरोत्रा,राम बिहारी पुरवार,राम शंकर पुरवार,राजू पाठक,दीपक धवन,जितेन्द्र गुप्ता,अनिल गहोई,शिखा गुप्ता,विनीत गुप्ता, राजेश गुप्ता,मधु गुप्ता,मयूरी गुप्ता आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आर०एन०शुक्ला पत्रकार

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें