मंगलपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान की कार्रवाई, दो जिंदा कारतूस भी बरामद
कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार नहर पुल झींझक पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से झींझक नहर पुल की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने मंडी समिति के पास चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद रूरा की ओर से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोलू पुत्र मुन्ना, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 17 बुद्ध नगर, कस्बा झींझक, थाना मंगलपुर बताया। उसके कब्जे से ग्रे रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल नंबर यूपी 78 एफएम 4668, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मंगलपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी रूरा थाने में मामला दर्ज है।












