17 सितंबर से जालौन में गूंजेगा ‘सेवा संकल्प’ का संदेश

 

31 दिन, 13 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी जनकल्याण और विकास की उपलब्धियां, डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश

जालौन। प्रधानमंत्री  के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की और सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय एवं निगरानी व्यवस्था रहेगी। जिलाधिकारी में सफल कार्यक्रम हेतु मुख्य विकास अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे तथा कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और राज्य सरकार के 10 वर्षों की विकास उपलब्धियों का विधानसभा, विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार डेटा-बैंक तैयार होगा। लाभार्थियों की अद्यतन सूची, विकास कार्यों के ‘पहले और बाद’ के फोटो-वीडियो, ड्रोन फुटेज व रील्स भी संकलित की जाएंगी। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान का शुभारंभ होगा। शाम 7 बजे योजनाओं से लाभान्वित परिवार घरों में दीप जलाएंगे तथा प्रमुख परियोजनाओं, मंदिरों, घाटों, विद्यालयों और चिकित्सालयों में भी विशेष दीप प्रज्वलन होगा। जनपद में बच्चों के सपनों का भारत’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ भी शुरू होंगे। बच्चों के लिए ड्राइंग, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी तथा उत्कृष्ट प्रविष्टियों को सम्मानित किया जाएगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 400 से 500 सांस्कृतिक टोलियों द्वारा गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विकास और जनकल्याण की कहानी पहुंचाई जाएगी। 25 सितंबर आए 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं उत्कृष्ट माताओं का सम्मान, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और पोषण सामग्री का वितरण होगा। ‘कहानी बदलाव की’ अभियान में योजनाओं से लाभान्वित लोगों की 60 सेकंड की वास्तविक वीडियो कहानियां तैयार कर व्यापक प्रसार किया जाएगा। अभियान में 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर, पॉडकास्टर एवं व्लॉगर परिवर्तनकारी परियोजनाओं का भ्रमण कर वास्तविक विकास की कहानियां देश तक पहुंचाएंगे। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में रैलियों, एलईडी प्रसारण और सामूहिक विकसित भारत संकल्प के साथ जनभागीदारी होगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ में स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल व गौशाला जैसी 25 सेवा गतिविधियों में नागरिक भाग लेंगे तथा प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी, मौके पर आवेदन एवं पात्रता सत्यापन के साथ 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रहेगा। ‘रंगोली राष्ट्र’ में 108 मीटर व्यास का भारत मंडल एवं ह्यूमन रंगोली तथा राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप एवं इनोवेटरों को मंच दिया जाएगा। 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ अभियान का भव्य समापन होगा। इसमें ग्राम प्रधान से सांसद तक जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय समागम, प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक वंदेमातरम् गायन और विकसित भारत-2047 का संकल्प प्रस्तावित है। अभियान के दौरान प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, तीर्थस्थलों पर महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं तथा ग्राम चौपालों के माध्यम से योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच और जनता से सीधा फीडबैक भी लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 10 सितंबर तक सभी तैयारियां, डेटा-बैंक एवं लाभार्थी सूचियां पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी निशांत पांडे, जिला पंचायत राज अधिकारी अयोध्या प्रसाद सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें