कानपुर देहात में रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, पुलिस अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

कानपुर देहात। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने 15/16 सितंबर की रात सघन चेकिंग और गश्त अभियान चलाया। रात 9 बजे से 2 बजे तक चले अभियान में पुलिस अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर चेकिंग प्वाइंट, पिकेट, गश्त और पीआरवी की सक्रियता का निरीक्षण किया। वहीं क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। जनपद के बॉर्डर क्षेत्रों में जिग-जैग बैरियर लगाकर वाहनों की निगरानी की गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों से कई पुलिस टीमें रवाना की गईं, जिनमें एक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी द्वारा स्वयं किया गया।
क्षेत्राधिकारियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बनाए गए चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने के साथ पीआरवी, पिकेट और गश्त पार्टियों की मौके पर पहुंचकर जांच की। गश्त मिलान स्थलों पर पुलिस टीमों का मिलान कर जवानों को आवश्यक ब्रीफिंग भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की रात्रिकालीन चेकिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें