जनसंदेश 24 समाचार सेवा
भोगनीपुर (कानपुर देहात)। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड मलासा के ग्राम उमरिया में पेयजल संकट और जर्जर रास्ते की समस्या से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के लिए बनी पानी की टंकी करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अस्थियां गांव में है, लेकिन आज तक उमरिया में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, क्योंकि बाहर से पानी लाना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं शासन की योजना के तहत हैंडपंपों का उपयोग भी बंद होने से समस्या और बढ़ गई है।
दूसरी ओर, ग्राम उमरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात के दौरान इस मार्ग से होकर विद्यालय पहुंचना बच्चों के लिए जोखिम भरा हो गया है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पेयजल और सड़क की समस्या को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारी भोगनीपुर को कई बार शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी कानपुर देहात से मांग की है कि गांव में शीघ्र हर घर जल योजना के तहत नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाले मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और बच्चे बिना किसी परेशानी के विद्यालय जा सकें।













