कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में तहसील भोगनीपुर में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब कतई स्वीकार्य नहीं होगा।
इसी क्रम में संपूर्ण समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण जनसुनवाई कार्यक्रम में कुछ अधिकारियों के बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अनुपस्थित अधिकारियों में प्रभात यादव (उद्योग उपायुक्त), बलदेव प्रसाद (जिला उद्यान अधिकारी), मनोज कुमार शुक्ला (सहायक अभियंता, लघु सिंचाई) एवं अजय कुमार पांडे (प्रभागीय वन अधिकारी) शामिल हैं।
जिलाधिकारी द्वारा प्रभागीय वन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है, जबकि उद्योग उपायुक्त, जिला उद्यान अधिकारी एवं सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) से स्पष्टीकरण मांगने के साथ-साथ अग्रेत्तर आदेशों तक उनके वेतन आहरण पर रोक लगाने के आदेश निर्गत किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें तथा जनसमस्याओं के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता एवं लापरवाही के प्रति सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।










