– ग्रामीण मिनी स्टेडियम, मंगोलपुर सरवनखेड़ा में 77वाँ पीआरडी स्थापना दिवस समारोह प्रान्तीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग, जनपद कानपुर देहात द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजेश कुमार, जिला कमांडेंट होमगार्ड द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड के विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में पीआरडी स्वयंसेवकों ने आकर्षक एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की, जिसमें अकबरपुर विकास खण्ड के रामकेश की टोली ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जिला कमांडेंट होमगार्ड महोदय ने परेड की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना को निरंतर बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी उत्साहपूर्वक किया गया। 100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) में लक्ष्मी (राजपुर विकास खण्ड) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में कौशलेंद्र (सरवनखेड़ा विकास खण्ड) प्रथम रहे। जिला युवा कल्याण अधिकारी के उद्बोधन ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा का संचार किया, जिसमें उन्होंने पीआरडी स्वयंसेवकों की भूमिका को समाज की सुरक्षा, अनुशासन और शांति बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें व्यायाम प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नैनसी कौशल, अस्मिता सिंह, हिमेंद्र गौतम, राहुल वर्मा और अरविंद कुमार , सत्येंद्र पाल कनिष्ठ सहायक भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और स्थापना दिवस समारोह ने स्वयंसेवकों के मनोबल एवं उत्साह को और भी सशक्त किया।










