कानपुर देहात मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में सार्वजनिक सूचना (संशोधित) जारी जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), कानपुर देहात द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण हेतु संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। यह कार्यक्रम त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) कपिल सिंह द्वारा जारी संशोधित सार्वजनिक सूचना के अनुसार जनपद में मतदाता सूचियों के व्यापक पुनरीक्षण का कार्य निम्नानुसार किया जाएगा—
निर्धारित कार्यक्रम
मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण एवं अद्यतन कार्य मतदान केन्द्र/स्थलों का क्रमांकन मतदान स्थलों के वार्ड की मैपिंग SVN आवंटन मतदाता सूची का अपलोड एवं फोटो संग्रहण अवधि: 17 मार्च, 2026 से 21 अप्रैल, 2026 तक, निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए ड्राफ्ट प्रकाशन तिथि: 22 अप्रैल, 2026। निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायतों में पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिकाधिक नागरिक इस प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें। संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, मतदाता नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम की अवधि में सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण कार्य पूर्ण कराया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में समय सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन/समावेशन हेतु निर्धारित तिथियों में आवेदन करें, जिससे एक शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।












