कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न थानों की पुलिस ने कई अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
थाना रूरा पुलिस ने एक अभियुक्त को बीएनएस व डीपी एक्ट से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया। थाना भोगनीपुर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत एक व्यक्ति को पकड़ा। वहीं थाना शिवली पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत कई आरोपियों को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर कार्रवाई की।
इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा कुल 15 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालान किया गया। इसमें गजनेर, भोगनीपुर, मूसानगर, राजपुर, मंगलपुर और रसूलाबाद थाना क्षेत्रों के व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











