प्रभारी मंत्री डॉ. संजय निषाद ने तहसील व कोतवाली अकबरपुर का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मंत्री/प्रभारी मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश, डॉ. संजय कुमार निषाद जी ने आज तहसील अकबरपुर एवं कोतवाली अकबरपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मा० मंत्री जी द्वारा तहसील परिसर के विभिन्न पटलों/कक्षों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने तहसील में साफ-सफाई, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, शुद्ध पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। मा० मंत्री जी ने निर्देशित किया कि आमजन को तहसील से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं सेवाएं निर्धारित समयावधि के भीतर उपलब्ध कराई जाएं। जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित की जाए तथा जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों को आच्छादित किए जाने के निर्देश दिए। कोतवाली अकबरपुर के निरीक्षण के दौरान मा० मंत्री जी ने प्राप्त होने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, परिसर की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, मेस के समुचित रख-रखाव, ड्यूटी चार्ट का नियमानुसार अंकन तथा पंजिकाओं के नियमित संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने पर जोर दिया। मा० मंत्री जी द्वारा मिशन शक्ति केन्द्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिकायत पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें माह जनवरी 2026 में प्राप्त 37 शिकायतों का पूर्ण निस्तारण पाया गया, जबकि माह फरवरी 2026 में प्राप्त 06 शिकायतों में से 05 शिकायतों का निस्तारण पूर्ण पाया गया। शेष लंबित शिकायत के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अतिरिक्त मा० मंत्री जी ने नगर पंचायत के माध्यम से कोतवाली गेट पर हरियाली विकसित करने तथा शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई नगर पंचायत स्तर से रोस्टरवार प्रतिदिन कराए जाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष, उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें