


कानपुर देहात, 29 नवंबर।
पारिवारिक विवादों को सुलह-समझौते के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को टूटने से बचाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी सर्किल स्तर पर संचालित ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान तीन परिवारों के बीच आपसी सहमति से सफल समझौता कराकर उन्हें फिर से एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास सफल रहा।
कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर निष्पक्ष, संवेदनशील एवं धैर्यपूर्वक काउंसलिंग की गई। प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद और समझदारी के आधार पर विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने का प्रयास किया।
जनपद के अकबरपुर सर्किल में पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल में थाना शिवली, डेरापुर सर्किल में थाना डेरापुर, भोगनीपुर सर्किल में थाना भोगनीपुर तथा सिकंदरा सर्किल में थाना सिकंदरा में परिवार परामर्श केंद्र आयोजित किए गए।
इस दौरान अकबरपुर सर्किल स्थित पुलिस लाइन में तीन परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इस प्रकार कुल तीन परिवारों के पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक समाधान कराया गया। वहीं अन्य मामलों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में संचालित यह पहल पारिवारिक विवादों के निस्तारण के साथ परिवारों में आपसी संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रही है। पुलिस का उद्देश्य पारिवारिक मामलों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सुलह-समझौते के माध्यम से हल कराना है।
Author: Jansan Desh 24











