कानपुर देहात । जिला कृषि अधिकारी कानपुर देहात प्राची पाण्डेय ने बताया कि धान की कटाई के बाद जिले में गेहूं की बोआई की तैयारी तेज हो गई है। किसान खेतों की जुताई और पलेवा कराने के साथ बोआई में जुटे हैं। अच्छी पैदावार के लिए खेत में पर्याप्त नमी, प्रमाणित बीज, बीज उपचार और संतुलित खाद का इस्तेमाल जरूरी है। जिन किसानों की बोआई किसी कारण से पिछड़ रही है, उन्हें किस्म के चयन और बीज की मात्रा पर ध्यान देना होगा।
सामान्य समय पर गेहूं की बोआई के लिए प्रति हेक्टेयर करीब 100 किलोग्राम बीज पर्याप्त रहता है। दिसंबर में बोआई करने पर पौधों की उचित संख्या बनाए रखने के लिए बीज की मात्रा करीब 25 प्रतिशत बढ़ाकर 125 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तक रखी जा सकती है। देर से बोआई करने वाले किसान कम समय में पककर तैयार होने वाली किस्मों का चयन करें। धान की कटाई के बाद खेत में फसल अवशेष बचे हों तो किसान सुपर सीडर से गेहूं की सीधी बोआई कर सकते हैं। इससे पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और खेत तैयार करने में लगने वाला समय भी बचता है। इसके लिए खेत में पर्याप्त नमी जरूरी है। मशीन से बोआई करते समय बीज की गहराई चार से पांच सेंटीमीटर रखनी चाहिए।
बीज अधिक गहराई में डालने से अंकुरण प्रभावित हो सकता है। सुपर सीडर की सेटिंग खेत की स्थिति और बीज अनुसार करानी चाहिए। बोआई से पहले बीज का उपचार करना भी जरूरी है। इससे बीज से फैलने वाले फफूंद जनित रोगों का खतरा कम होता है। कृषि सलाह अनुसार थिरम की दो ग्राम मात्रा प्रति किलोग्राम बीज के हिसाब से इस्तेमाल की जा सकती है। उपचारित बीज खरीदने वाले किसान दोबारा दवा डालने से पहले पैकेट पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें। खाद की मात्रा भी मिट्टी की जांच के आधार पर तय करनी चाहिए।
बोआई के समय फास्फोरस और पोटाश की जरूरत के अनुसार पूरी मात्रा तथा नाइट्रोजन का एक हिस्सा डालें। शेष नाइट्रोजन फसल की बढ़वार के अनुसार दें। बिना जरूरत अधिक यूरिया और डीएपी डालने से लागत बढ़ती है। गेहूं की पहली सिंचाई बोआई के करीब 20 से 25 दिन बाद करनी चाहिए। इस समय पौधों में जड़ें विकसित होने लगती हैं। खेत में पहले से पर्याप्त नमी हो तो सिंचाई में जल्दबाजी न करें। पानी देते समय जलभराव से बचें। इसके बाद फसल की स्थिति और मिट्टी में नमी के अनुसार अगली सिंचाई करें।
मुख्य बिंदु:
1. कृषक भाइयों को अवगत कराना है कि जिन कृषक भाइयों की बुकिंग एवं चयन हो चुका है , वह किसान 19.11.2026 तक अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर बीज प्राप्त कर ले यदि वह कृषक बीज निर्धारित समय सीमा में बीज प्राप्त नहीं करते है तो उनका अभ्यर्थन निरस्त करते हुए वरीयता क्रम में प्रतीक्षा सूची के कृषकों को बीज उपलब्ध करा दिया जाएगा , जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कृषक की होगी ।
2. दिसंबर में बोआई करने वाले किसान देर से बोआई जाने वाली किस्मों का करें चयन
3.सुपर सीडर से पराली के बीच भी कर सकते हैं सीधी बोआई, खेत में नमी का रखें ध्यान
4.किसान गेहूं की बोआई समय से करें। यदि किसी कारण से बोआई में देरी हो रही है तो देर से बोआई जाने वाली किस्मों का चयन करें और बीज की मात्रा बढ़ाकर इस्तेमाल करें। धान की कटाई के बाद खेत में पर्याप्त नमी होने पर किसान सुपर सीडर से भी गेहूं की सीधी बोआई कर सकते हैं।













