कानपुर देहात। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक विशेष फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत आशा बहुएं एवं एएनएम घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाएंगी। इसी अभियान को लेकर अकबरपुर तहसील क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मीडिया कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और आम जनमानस समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित सूचनाओं पर विश्वास करता है। ऐसे में मीडिया कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने समाचार पत्रों और डिजिटल माध्यमों से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 10 ब्लॉक हैं, जिनमें से तीन ब्लॉकों में फाइलेरिया का एक भी मरीज सामने नहीं आया है, जबकि सात ब्लॉक ऐसे हैं जहां फाइलेरिया के मरीज पाए गए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए 1,285 टीमें लगाई गई हैं। ये टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को दवा देंगी और अपने सामने ही दवा का सेवन कराएंगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिखाई देने वाले लोगों को भी स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस बीमारी से बचाव किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया का प्रभाव कई बार संक्रमण के 5 से 10 वर्ष बाद दिखाई देता है। शुरुआत में व्यक्ति को बीमारी का पता भी नहीं चलता, लेकिन बाद में पैरों में सूजन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और दवा सेवन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति न पालें।
इस मौके पर फाइलेरिया से पीड़ित सत्यनारायण ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह करीब 40 वर्षों से इस बीमारी से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि दवा लेने से उन्हें काफी राहत मिलती है, लेकिन दवा का सेवन बंद करने पर दोबारा पैर में सूजन आने लगती है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सभी लोग स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही दवा वितरण मुहिम में सहयोग करें और दवा अवश्य लें।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। सभी ने एकजुट होकर जनपद कानपुर देहात को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता फैलाने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
*स्वास्थ्य विभाग की अपील:* 19 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें। दवा का सेवन स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार करें और फाइलेरिया मुक्त कानपुर देहात बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।












