कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा (16 से 30 नवंबर 2026) का शुभारंभ कलेक्ट्रेट प्रांगण से किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी एवं सतर्कता से सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जय गोविंद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परिवहन विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।












