कानपुर देहात। आगामी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने चुनाव कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव कार्यालय में संचालित कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनाव से संबंधित विभिन्न तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी चुनाव के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। चुनाव से संबंधित अभिलेखों, सूचनाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए, जिससे चुनाव के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी प्रत्येक कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
पुलिस अधीक्षक ने चुनाव कार्यालय से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक सूचनाओं का समय से आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अभी से पूरी गंभीरता के साथ तैयारियों में जुट जाएं।












