कानपुर देहात। संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ आज जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम के लिए जनसहभागिता एवं स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया एवं दिमागी बुखार जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने, जलजमाव रोकने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा नियमित टीकाकरण कराने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव तथा फॉगिंग जैसी गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित की जाएंगी, जिससे संचारी रोगों के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 जय गोविंद, एसीएमओ डॉक्टर सुखलाल वर्मा, सीएचसी प्रभारी डॉ आईएच खान, मलेरिया अधिकारी मारूति दीक्षित सहित आशा, एएनएम आदि उपस्थित रहे।














