पचनद से जालौन तालाब और कालपी तक गूंजा ‘आशीर्वाद का दीया’, जनप्रतिनिधियों से लेकर लाभार्थी परिवारों तक ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता
जालौन। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद जालौन में ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। सायं 7 बजे जिलेभर में 5 लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। सेवा के 25 वर्षों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, सम्मान, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर जनभागीदारी का उत्साह बढ़ाया। माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन एवं जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, ने पचनद पर, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने जालौन तालाब पर तथा कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कालपी में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी ने उरई में दीप प्रज्ज्वलित किए। इसके साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।गांव से लेकर शहर तक ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, नदी घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, आरोग्य मंदिर, विकास भवन, कलेक्ट्रेट भवन, पुलिस थानों, विकासखंड कार्यालयों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत कार्यालयों तथा पंचायत भवनों को भी दीपों से सजाया गया। अभियान की विशेषता यह रही कि केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने भी सायं 7 बजे अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता की। सभी विभागों के लाभार्थियों ने जनपद, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत तथा वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, राशन की दुकानों, वृद्धाश्रम सहित अन्य शासकीय एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन हुआ। इस प्रकार ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम न रहकर सेवा, सम्मान और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बना। सायं 7 बजे एक साथ प्रज्ज्वलित हुए 5 लाख से अधिक दीपों से जालौन की धरती रोशनी से जगमगा उठी। पचनद के नदी तट से लेकर जालौन तालाब, कालपी सहित प्रमुख धार्मिक, सार्वजनिक एवं शासकीय स्थलों तक दीपों की श्रृंखला ने जिले में सेवा, सहभागिता और संकल्प का मनोहारी संदेश दिया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख अजित सिंह सेंगर, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी व ग्रामवासी मौजूद रहे।












