लोक निर्माण विभाग की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, अधिशासी अभियंताओं ने प्रस्तुत की अपनी-अपनी कार्ययोजना
जालौन। जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में बारिश के दौरान सड़क मार्गों पर हुए गड्ढों एवं उनके मरम्मत कार्य की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने खंडों की गड्ढामुक्ति कार्ययोजना जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चिन्हित मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रांतीय खंड, उरई के 47 मार्गों पर 189.26 किलोमीटर, निर्माण खंड-1, उरई के 39 मार्गों पर 150 किलोमीटर तथा निर्माण खंड-3, उरई के 73 मार्गों पर 213.96 किलोमीटर सड़क मार्ग को गड्ढामुक्त किया जाना प्रस्तावित है। इस प्रकार कुल 159 मार्गों की 553.220 किलोमीटर लंबाई में गड्ढामुक्ति का कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित मार्गों पर कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र प्रारंभ कराते हुए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभाग पूरी गंभीरता से कार्य करें। लोक निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि उक्त कार्यों के लिए अनुबंध गठित किए जा चुके हैं तथा सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमित सक्सेना, सुनील, महेंद्र सिंह आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।












