कानपुर देहात दिनांक 18 नवम्बर 2025
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन० की उपस्थिति में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित फ्लैगशिप विकास कार्यक्रमों, सी.एम.आई.एस. पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों तथा आई.जी.आर.एस. के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तुत विभागवार प्रगति रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने डी एवं सी श्रेणी प्राप्त करने वाले विभाग—अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उद्यान विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, नियोजन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग—पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि 29 नवम्बर तक अपेक्षित सुधार न लाने वाले विभागों के विरुद्ध प्रमुख सचिव को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन के फ्लैगशिप कार्यक्रमों में शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति में तीव्रता लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों की स्थिति शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए तत्काल निरीक्षित की जाए तथा निर्माण योग्य सड़कों का पुनर्निर्माण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने पी.ओ. नेडा को खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में लगभग 21,000 लंबित फॉर्मों की धीमी प्रगति पर गंभीर आपत्ति जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित राजकीय डिग्री कॉलेज की नोडल अधिकारी डॉ. संजू सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर तीन दिवस की समय-सीमा निर्धारित की। निर्देशानुसार कार्य पूर्ण न होने पर प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा को पत्र भेजने हेतु मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देशित किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा छात्रवृत्ति योजनाओं में समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। नियोजन विभाग को फैमिली आईडी योजना में लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाने हेतु अधिशासी अधिकारियों के साथ समन्वय कर परिवारों का शुद्ध आंकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता वाले कार्यों में गुणवत्तापरक, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें। साथ ही 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाली परियोजनाओं एवं बाधित निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र गति प्रदान करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन०, सीएमओ डा. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रतिभा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










