कानपुर देहात। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने 14/15 अप्रैल 2026 की रात्रि में विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने थाना भोगनीपुर, मूसानगर, गजनेर, चौकी ग्रोथ सेंटर, थाना अकबरपुर एवं ग्राम संगसियापुर में पैदल गश्त कर हालात का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त के दौरान एसपी ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कहा कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रही और नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा।












