कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अटियारायपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की ने कथित छेड़छाड़ से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका 12 अप्रैल को सरसों पिराने के लिए गांव की आटा चक्की पर गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद चक्की संचालक ने उसके साथ गलत हरकत की। इस घटना से मानसिक रूप से आहत होकर लड़की ने 13 अप्रैल को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में लड़की की मां ने इस घटना को छुपाए रखा, क्योंकि उसे परिवार और गांव में विवाद की आशंका थी। बाद में पिता अरविंद सिंह द्वारा थाना रसूलाबाद में प्रार्थना पत्र देने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिन्टू दीक्षित (उम्र लगभग 33 वर्ष), निवासी कन्नौज, को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












