कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति एवं जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में लखपति दीदी योजना की खराब प्रगति पर विकासखंड रसूलाबाद के ब्लॉक मिशन मैनेजर नीरज सोनकर एवं गीता राजपूत को एक सप्ताह के भीतर प्रगति सुधारने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि प्रगति संतोषजनक न होने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (PMFME) में डेरापुर, राजपुर एवं सरवनखेड़ा विकासखंडों की धीमी प्रगति पर संबंधित ब्लॉक मिशन मैनेजरों को भी एक सप्ताह का समय दिया गया। जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में परिवार संतृप्तिकरण के तहत जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को सभी कोटेदारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लक्ष्य पूर्ति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। समूह गठन की धीमी प्रगति पर झींझक, मलासा, रसूलाबाद एवं संदलपुर के ब्लॉक मिशन मैनेजरों पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा मुख्य विकास अधिकारी को दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर एवं जिला मिशन मैनेजर को फील्ड में रहकर कार्य करने तथा पूर्व गठित स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अगली समीक्षा बैठक से पूर्व शत-प्रतिशत खोलने के निर्देश दिए। CLF ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में मैथा के सुशील निगम तथा मलासा के सुनीत तिवारी एवं प्रेम सिंह को चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में पूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।स्टार्टअप के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह एवं ग्राम संगठनों को प्रोत्साहित करते हुए निर्देशित किया गया कि शेष सभी पात्र समूहों की पत्रावलियां तैयार कर अगली बैठक से पूर्व ग्राम निधि पर मांग दर्ज कराई जाए। इसी प्रकार RF एवं CIF वितरण हेतु भी शेष समूहों की पत्रावलियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रदर्शन पर मलासा के ब्लॉक मिशन मैनेजर सुनीत तिवारी के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई हेतु मिशन मुख्यालय से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना में धीमी प्रगति पर मैथा एवं रसूलाबाद विकासखंडों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए इस माह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के वेतन बाधित करने की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने SHG, VO एवं CLF के ऑडिट की ऑनलाइन फीडिंग एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा समस्त कैडर की जानकारी पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा सभी उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारीयों को समूह गठन एवं परिवार संतृप्तिकरण में सहयोग करने हेतु निर्देशित किया एवं समूह में जुडी महिलाओं को लखपति बनाने में अपने समस्त विभागीय योजनाओं से समूह की महिलाओं को आच्छादित करने हेतु निर्देशित किया l जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि समस्त कैडरों को ब्लाक में होने वाले समीक्षा बैठकों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं के विषय में उन्मुखिकरण किया जाये एवं आरसेटी निदेशक मयंक कटियार को निर्देशित किया कि संस्थान में संचालित होने वाली सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्त सरकारी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का पीपीटी के माध्यम से प्रचार प्रसार किया जाना सुनिश्चित करें l बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार (एनआरएलएम) गंगाराम वर्मा, डीसी मनरेगा अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












