उरई । वरिष्ठ- सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी(प्रशा०/प्रर्व०) सुरेश कुमार ने बताया कि अकबरपुर इटौरा स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की घोर लापरवाही का एक गम्भीर मामला सामने आया है। दिनांक 09 अप्रैल 2026 को अपरान्ह लगभग 01:20 बजे, ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, अकबरपुर इटौरा के बच्चों को ले जा रही एक निजी ईको वाहन (संख्या-UP92AU5810) इटौरा काशीखेडा मार्ग पर लोहरगाँव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह वाहन “स्कूली वाहन” के मानकों को पूरा किये बिना निजी तौर पर संचालित किया जा रहा था, जो कि सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग के सुरक्षा मानकों (Safety Norms) का सीधा उल्लंघन है।
घटना की गम्भीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी को आपराधिक कृत्य माना गया है। इस सम्बन्ध में ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, अकबरपुर इटौरा, जालौन की प्रबन्धक कीर्ति सिंह, प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह, वाहन स्वामी कपिल व अज्ञात चालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्यवाही हेतु कोतवाली कालपी, जालौन में तहरीर प्राप्त करा दी गयी है।
उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली के तहत गठित “विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति” के नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में मासूम बच्चों के जीवन के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो।
साथ ही परिवहन विभाग के समस्त प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर परमिट शर्तों का उल्लंघन करने व अन्य अभियोगों में 06 वाहनों के विरुद्ध चालान /निरुद्ध की कार्यवाही की गयी है, यह कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी।












