
कानपुर देहात। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस लाइन सभागार में जागरूकता, सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 की जानकारी देने के साथ-साथ आत्मरक्षा के उपाय और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके माध्यम से समाज में जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया। साथ ही बहादुरी दिखाने वाली महिलाओं, सहयोगी नागरिकों, शिक्षकों, एनजीओ प्रतिनिधियों और महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर, सजग और सशक्त बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।












