
कानपुर देहात डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने थाना भोगनीपुर क्षेत्र एवं कस्बा पुखरायां का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रतिमा स्थलों पर 24 घंटे निगरानी, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी अराजक तत्व की गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
इस दौरान शांति समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, धर्मगुरुओं और कार्यक्रम आयोजकों के साथ संवाद किया गया। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी जुलूस या सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा निर्धारित रूट और समय का पालन करना जरूरी रहेगा। साथ ही आयोजकों को अपने वालंटियर्स की सूची पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कस्बा पुखरायां के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त भी की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रशासन ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत यूपी-112 या संबंधित थाने को देने का आग्रह किया है।












