जालौन कुठौंद थाना क्षेत्र की शंकरपुर चौकी अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब निर्माणाधीन गेट की शटरिंग अचानक गिरने से पांच मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन व पुलिस बल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उरई के ठेकेदार लाल जी दुहौलिया के देखरेख में गेट निर्माण का कार्य काफी समय से चल रहा था। शुक्रवार को निर्माण स्थल पर बीम डाली जा रही थी। इसी दौरान अचानक शटरिंग का संतुलन बिगड़ गया और पूरी संरचना भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
घायलों की पहचान सुनील पुत्र प्रेम सिंह, रूप सिंह पुत्र छोटे राम, गोविंद पुत्र जगत सिंह, रवि पुत्र गया प्रसाद और हीरो पुत्र जगत सिंह के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस चालक नाहर सिंह की मदद से जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चिचौली रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदंबा प्रसाद दुबे ने तुरंत पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। मौके पर उपनिरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी (शंकरपुर चौकी), रामवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य—प्रवीण शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, रवि गुप्ता, अंशुल कुमार, विष्णु कुमार, गौरव कुमार और साबिर खान—तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
इसके अलावा, एसडीएम जालौन व क्षेत्राधिकारी जालौन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग का संतुलन बिगड़ना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी माना जा रहा है।
फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












