
पुखरायां, जनपद कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील अंतर्गत कस्बा पुखरायां निवासी आकाश शुक्ला ने वर्ष 2024 की पीसीएस परीक्षा में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परशुराम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
आकाश शुक्ला के पिता पप्पू शुक्ला ने बताया कि उनके पुत्र ने बिना किसी कोचिंग और बाहरी सहयोग के कड़ी मेहनत और लगन से तैयारी की। आकाश शुक्ला ने बताया कि पीसीएस में चयन के बाद उनका पद जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में निर्धारित हुआ है।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी राघव अग्निहोत्री ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं राघव अग्निहोत्री ने उनके माता-पिता का आशीर्वाद लेकर सम्मान किया और कहा कि आपके पुत्र ने पुखरायां क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने आकाश शुक्ला को भी बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर से कामना है कि आप आसमान की बुलंदी तक पहुंचें।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जयराम तिवारी, नरेश मिश्रा, अनिल शुक्ला, अंकुर द्विवेदी, मनीष द्विवेदी, अमरीश अग्निहोत्री, शैलेंद्र शुक्ला, नमन अग्निहोत्री सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे और सभी ने आकाश शुक्ला को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।











