गजनेर (कानपुर देहात), 29 नवंबर।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और एक चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर को थाना गजनेर पुलिस टीम ने जलालपुर नागिन रोड स्थित यूपीएसआईडी पानी की टंकी के पास ग्राम जलालपुर नागिन से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलीम पुत्र स्वर्गीय नसीम निवासी मोहल्ला कटरा अमरौधा, थाना भोगनीपुर तथा इकराम पुत्र स्वर्गीय मुस्लिम निवासी घाटमपुर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना गजनेर में मुकदमा अपराध संख्या 270/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 एवं 4/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कलीम के विरुद्ध गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं इकराम के विरुद्ध भी हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं गोवध अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक आशीष कुमार, मुख्य आरक्षी हरगोविन्द सिंह एवं आरक्षी अरविन्द कुमार शामिल रहे।
Author: Jansan Desh 24










