प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कर राष्ट्र के विकास एवं जनकल्याण की कामना की।
कानपुर देहात। सेवा, सुशासन, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर अकबरपुर स्थित शुक्ल तालाब में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर देश की उन्नति, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना की। दीपों की अलौकिक रोशनी से पूरा शुक्ल तालाब परिसर जगमगा उठा, जिससे वातावरण अत्यंत आकर्षक एवं श्रद्धामय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला , विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चैहान , जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी , भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान , भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम केवल दीप प्रज्ज्वलन का आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जनसहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चैहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का कार्य किया है। आज का यह दीपोत्सव कार्यक्रम जनमानस की ओर से उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण और विकास के प्रति समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और सेवा भावना का संदेश देता है।
जिलाधिकारी कलिप सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान अन्तर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में लोगों से भागीदारी करने का आवाहन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात आकर्षक आतिशबाजी का भी अवलोकन किया। रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों की श्रृंखला ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित नागरिकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक एवं यादगार बताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की उन्नति, प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण की कामना के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, ईओ अकबरपुर आशीष कुमार, बीएसए आशीष पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।











