व्यापारी से झपटमारी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 29 हजार रुपये और मोबाइल बरामद

कानपुर देहात। शिवली पुलिस ने व्यापारी के साथ झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग चोरी, छिनैती और झपटमारी की घटनाओं से संबंधित कुल 29 हजार रुपये नकद, छीना गया एक मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को बैरी दरियाव निवासी शमशाद ने शिवली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि हृदयपुर के पास मोटरसाइकिल से आए बदमाश उसके वाहन के हैंडल पर टंगे थैले और शर्ट की जेब में रखा मोबाइल झपटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिवली पुलिस ने सिंहपुर जाने वाले रास्ते के पास दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान वैभव सिंह भदौरिया निवासी सरैया और संगम उर्फ छोटू कुशवाहा निवासी लालपुर, थाना शिवली के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित इनफीनिक्स मोबाइल और 12 हजार रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी आयुष सिंह सेंगर उर्फ पोलार्ड के साथ मिलकर रूरा, सिकंदरा और सट्टी थाना क्षेत्रों में भी चोरी व छिनैती की घटनाएं करने की बात बताई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल समेत कुल 29 हजार रुपये नकद और मोबाइल बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी व्यापारियों को निशाना बनाकर छिनैती और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे। मामले में फरार तीसरे आरोपी आयुष सिंह सेंगर उर्फ पोलार्ड की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें