कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशन में संचालित विभागीय विकास कार्यों की प्रभावी जानकारी आमजन तक पहुँचाने एवं सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाओं और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI), कानपुर देहात में “Making of Effective Reels on Departmental Development Work” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में ग्राम पंचायतों के कर्मचारी, नगर पंचायत के कर्मचारी एवं कोटेदारों को प्रभावी एवं आकर्षक रील्स बनाने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को मोबाइल फोन के माध्यम से वीडियो शूटिंग, विषय चयन, वीडियो की प्रस्तुति, आवश्यक जानकारी को संक्षिप्त एवं स्पष्ट रूप में प्रदर्शित करने तथा सोशल मीडिया के लिए उपयोगी रील तैयार करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) कार्यालय से संबंधित प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा ग्राम एवं नगरीय स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों को सरल, प्रभावी एवं जनहितकारी तरीके से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य विभागीय विकास कार्यों की जानकारी को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना तथा स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के लिए कर्मचारियों की क्षमता विकसित करना रहा।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को रील्स निर्माण के दौरान तथ्यात्मक एवं सही जानकारी, स्पष्ट संदेश, अच्छी वीडियो गुणवत्ता तथा विभागीय कार्यों की सकारात्मक एवं प्रभावी प्रस्तुति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।













