ऑटो में महिला का मंगलसूत्र चोरी करने वाली युवती गिरफ्तार, सामान बरामद

कानपुर देहात  में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना रूरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑटो में यात्रा के दौरान महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाली एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 अप्रैल 2026 को एक महिला ने थाना रूरा में तहरीर देकर बताया था कि ऑटो में यात्रा के दौरान उसके पास बैठी अज्ञात महिला ने उसके गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र काटकर चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना रूरा में मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 अप्रैल को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रूरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने नहर पटरी के पास से एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुस्कान (19 वर्ष) पुत्री रमेश किसान, निवासी ग्राम बनकुई सकवाई थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फर्रुखाबाद बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र का पैंडेंट बरामद हुआ। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने अभियुक्ता को न्यायालय में पेश कर दिया है।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसने ऑटो में महिला को बच्चे में व्यस्त देखकर ब्लेडनुमा वस्तु से मंगलसूत्र काटकर चोरी की थी और मौके से फरार हो गई थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें