कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रसूलाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26 फरवरी 2026 को वादी द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के गुम होने की सूचना थाना रसूलाबाद में दी गई थी। इस संबंध में मु0अ0सं0 086/2026 धारा 137(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए तथा साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 64(1) बीएनएस एवं 5J(ii)/5L/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अभियुक्त की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने दिनांक 13 अप्रैल 2026 को शहबाजपुर नहर पुल चौराहे से आरोपी सोनू पुत्र लालसिंह, निवासी ग्राम नदीहा (नदीहाखुर्द), थाना ककवन, कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई जारी है।












