मैथा तहसील में समाधान दिवस: प्रतिभा शुक्ला ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, 58 शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

 

कानपुर देहात। अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र की  विधायक एवं प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को मैथा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जनसुनवाई की और क्षेत्रीय लोगों की विभिन्न निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 27, जिला पंचायत की 01, नगर पंचायत की 01, राशन आपूर्ति से संबंधित 03, विद्युत विभाग की 08, ब्लॉक स्तर की 07 तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी 09 शिकायतें शामिल रहीं। मंत्री ने प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में गुणवत्ता, पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और समयबद्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। किसी भी शिकायत को महीनों या वर्षों तक लंबित रखना शासन की मंशा के विपरीत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह के भीतर कर दिया जाए और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनहित और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए अधिकारी आमजन को राहत पहुंचाने में कोई कोताही न बरतें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें