कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद में वरिष्ठ नागरिकों हेतु विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत वृद्धजनों को बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मोतियाबिंद सर्जरी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अर्थराइटिस/कैल्शियम आदि से संबंधित जांच एवं उपचार की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। अवगत कराया गया है कि योजना के मोड-02 के अंतर्गत जनपद स्तरीय समिति द्वारा निर्धारित अर्हताओं एवं शर्तों का पालन करते हुए उपयुक्त सरकारी/गैर-सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों का चयन किया जाएगा। चयनित संस्थाओं को आवश्यकतानुसार कार्यान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाया जा सके। इच्छुक गैर-सरकारी संगठन (NGOs) एवं स्वैच्छिक संगठन (VOs) के लिए आवश्यक अर्हताओं में सोसायटी पंजीकरण अधिनियम-1860 अथवा अन्य संबंधित अधिनियम के अंतर्गत वैध पंजीकरण, Clinical Establishments Act के तहत पंजीकृत अस्पताल के साथ MoU, राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता, नीति आयोग के NGO Darpan पोर्टल पर पंजीकरण, पैन कार्ड/जीएसटी प्रमाण-पत्र, विगत वर्षों की प्रगति रिपोर्ट एवं ऑडिटेड लेखा विवरण सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज सम्मिलित हैं। साथ ही संस्था को मोतियाबिंद सर्जरी के क्षेत्र में न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव तथा विगत दो वर्षों में कम से कम 250 सफल सर्जरी का अनुभव होना अनिवार्य है। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं निर्धारित अर्हताओं एवं शर्तों के अनुरूप अपने प्रस्ताव अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में दिनांक 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समयबद्ध रूप से चयन प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।









