जिलाधिकारी ने की जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

कानपुर देहात  जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से कराई जाए तथा रोस्टर के अनुरूप निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों एवं नाले-नालियों की समय-समय पर मरम्मत एवं साफ-सफाई कराए जाने के निर्देश भी दिए गए। अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। बैठक में आईटीआई पास प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर प्रधानाचार्य आईटीआई द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष लगभग 600 अप्रेंटिसशिप को विभिन्न कम्पनियों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए रोस्टर तैयार कर निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। बैठक के दौरान व्यापारी बन्धुओं द्वारा अकबरपुर कोतवाली के पास सर्विस रोड निर्माण, कानपुर, अकबरपुर, रूरा के मध्य रोडवेज एवं सीएनजी बसों के संचालन, सहित अन्य स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें