कानपुर देहात। नूतन वर्ष के पावन अवसर पर जनपद में शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच मानवता, सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। मंगलवार को भगवान परशुराम मंदिर, खानपुर खडंजा, रनिया परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार की 
के अंतर्गत रनिया मंडल के लगभग 10 हजार जरूरतमंद बुजुर्गों व वरिष्ठ नागरिकों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गर्म कंबलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए खिचड़ी और चाय की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें ठंड में कुछ राहत मिल सके। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जब राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने स्वयं अपने हाथों से बुजुर्गों को कंबल प्रदान किए, तो बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन का उद्देश्य नए वर्ष की शुरुआत सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव के साथ करना रहा। बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा करना ही सच्चे अर्थों में विकास और संस्कार का प्रतीक है। शीतलहर से प्रभावित क्षेत्रवासियों को राहत देने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण असहाय न रहे इसी ध्येय के साथ कंबल वितरण कार्यक्रम का समापन हुआ। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नया वर्ष सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व के संकल्प का प्रतीक है। शीतलहर के इस कठिन समय में क्षेत्र की विधायक होने नाते हमारे बुजुर्गों और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। सरकार और समाज मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बुजुर्ग ठंड से पीड़ित न रहे। ऐसे सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान व सेवा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। ‘नया साल बुजुर्गों के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से शीतलहर में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह अभियान सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे भी निरंतर चलता रहेगा। इस दौरान ऋषभ शुक्ला, गौरव शुक्ला, कृष्णा गौतम, महेश तिवारी, कमल शुक्ला, अरुण तिवारी, अंशु तिवारी, सुरेश बाबा, संजय पांडेय, सरमन तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, अरुण शर्मा, नितिन कुशवाहा, विवेक शर्मा, लालन शुक्ला, भागवत प्रसाद तिवारी, हरिओम द्विवेदी, राहुल उमा द्विवेदी, सीमा द्विवेदी, प्रतिभा बाजपेई, राजकुमारी पाल, नीतू पांडेय, आलोक कुशवाहा, आकाश मिश्रा आदि मौजूद रही।











