इस सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सभी स्टेकहोल्डर विभागों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य,पुलिस,परिवहन,उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के द्वारा अपने लिए निर्धारित गतिविधियों को यातायात नियमों के अनुपालन एवं सड़क सुरक्षा हेतु जागरूकता के लिए संपादित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 02 जनवरी, 2026 को परिवहन विभाग, कानपुर देहात के द्वारा परिवहन कार्यालय परिसर,अकबरपुर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं जीरो फैटिलिटी के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने व उसके प्रति संवेदीकरण हेतु वाहन चालकों, वाहन यूनियन के सदस्यों, अन्य जन सामान्य की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में मोटर यान निरीक्षक, कानपुर देहात जीवन कुमार ने सड़क सुरक्षा व सड़को पर अपने वाहन के सुरक्षित संचालन के लिए अपने वाहनों की समय से सर्विस कराने, प्रदूषण के मानकों का समय पर परीक्षण कराने सहित अनेक तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में उपस्थित सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी,कानपुर देहात के द्वारा शीत ऋतु के दृष्टिगत अपने वाहनों के हेडलैंप,इंडिकेटर,मानक के अनुसार लाल,सफेद व पीली रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाने,ओवर स्पीडिंग न करने, अपने वाहनों के फिटनेस, बीमा प्रदूषण प्रमाण पत्र, लाइसेंस आदि अद्यतन रखने के लिए और उनकी वैधता समाप्त होने की स्थिति में मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत होने वाली दंडात्मक प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। गाड़ियों पर अनिवार्य रूप से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगे होने, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया और उससे बड़े वाहनों को चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लाभों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यशाला में उपस्थित युवाओं से गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, वाहनों पर स्टंट आदि न करने की अपील की और सभी को शपथ भी दिलाई।











