जिलाधिकारी ने की अभियोजन कार्यों की बैठक, दिए निर्देश
कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में अभियोजन कार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियोजन से संबंधित लंबित प्रकरणों, त्वरित निस्तारण, न्यायालयों में समयबद्ध पैरवी तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उपस्थित अभियोजन अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि सभी मामलों में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों में शीघ्र न्याय दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है, अतः निर्धारित समयावधि के भीतर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पुलिस विभाग एवं अभियोजन के बीच समन्वय को सुदृढ़ करते हुए साक्ष्य संकलन, केस डायरी की उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति एवं आवश्यक न्यायिक प्रक्रियाओं को समय से पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित मामलों की अग्रिम समीक्षा लगातार की जाएगी तथा लापरवाही ना की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 
होगा, जिसमें अधिक से अधिक लंबित वादों के निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक अदालत हेतु आवश्यक तैयारी समय से पूर्ण करते हुए अधिकतम मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विधि अधिकारी सहित संबंधित अधिवक्ता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










