सांसद नारायण दास ने किया स्मृति द्वार का लोकार्पण, 2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संदेश

पुखरायां (भोगनीपुर): विधानसभा क्षेत्र भोगनीपुर के ग्राम अटवा में पूर्वजों की स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार का लोकार्पण समाजवादी पार्टी के सांसद नारायण दास अहिरवार द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन भव्य रूप में किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
स्मृति द्वार का निर्माण ओमकार नाथ सिंह यादव की स्मृति में कराया गया, जिसका लोकार्पण करते हुए सांसद ने परिवार के इस सराहनीय कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज को अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान और प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर अपने उद्बोधन में सांसद नारायण दास अहिरवार ने आगामी 2027 के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और जनता से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जुटना होगा, तभी क्षेत्र और प्रदेश का समुचित विकास संभव हो सकेगा।
वहीं समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में आम जनता को केवल लाइन में खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि कभी आधार, कभी नोटबंदी और अब विभिन्न व्यवस्थाओं में लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे जनता परेशान है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद यादव, भोगनीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र पाल सिंह ‘मनु’ सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद सचान ने की, जबकि संचालन पूर्व जिला पंचायत सदस्य अंजनी सचान द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें