
उरई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई में 7 अप्रैल 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चले इस मेले में कुल 105 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 71 का विभिन्न कंपनियों के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के लिए टीमलीज के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया, जिसमें आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन और इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के अभ्यर्थियों का चयन टेक्नीशियन और सुपरवाइजर पदों के लिए किया गया। चयनित 62 अभ्यर्थियों को 16,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ यात्रा भत्ता और बोनस की सुविधा दी जाएगी तथा उन्हें उनके नजदीकी क्षेत्रों में नियुक्ति मिलेगी।
इसके अलावा एडूवांटेज कंपनी के माध्यम से प्रणव विकास ग्रुप के लिए 9 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिन्हें हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल में नियुक्त किया जाएगा।
रोजगार मेले के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा कैरियर काउंसलिंग शिविर भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. नुपुर कश्यप सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












