कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने रविवार को विधानसभा अकबरपुर–रनिया के अकबरपुर मंडल अंतर्गत ग्राम गौरियापुर के बूथ संख्या 144 पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं भाजपा के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर के उपरांत जारी की गई नई मतदाता सूची का वितरण किया तथा नए पात्र मतदाताओं को सूची में सम्मिलित करने के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराए। बैठक के दौरान मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नामों के निरस्तीकरण एवं निष्पक्ष व पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके। उन्होंने बूथ लेवल एजेंटों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करें, नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने में सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान बउवा पांडेय, किरण तिवारी, गुड्डू मिश्रा, सरमन तिवारी, हरिओम द्विवेदी, नरेंद्र तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।











