कानपुर देहात,भारत निर्वाचन आयोग एवं उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा अकबरपुर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अकबरपुर इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 108 से 116 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय, अकबरपुर में स्थित बूथ संख्या 117, 118 एवं 119 का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर मतदाता सूची के सार्वजनिक वाचन की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ड्राफ्ट मतदाता सूची की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय कुछ मतदाताओं की फोटो स्पष्ट न पाए जाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को ऐसे मतदाताओं की फोटो पुनः लेकर अद्यतन करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके। इसके साथ ही बीएलओ को प्रिव्यू ऑप्शन के प्रयोग के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया, जिससे डाटा प्रविष्टि की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीएलओ से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा निर्देश दिए गए कि प्रत्येक आवेदन के साथ आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं एवं घोषणा पत्र पर आवेदक के हस्ताक्षर सुनिश्चित कराए जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अपूर्णता न रहे। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत पात्र प्रत्येक नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाए तथा नव-योग्य मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पारदर्शिता, समयबद्धता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पूर्ण अनुपालन के साथ कार्य संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय तहसीलदार पवन कुमार, नायब तहसीलदार रविंद्र सिंह संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अभियान को सफल बनाने में संलग्न सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बीएलओ के कार्यों की सराहना की गई।











