उप जिलाधिकारी रसूलाबाद सर्वेश कुमार द्वारा निरीक्षण करते हुए

कानपुर देहात किसानों को राहत प्रदान करने तथा धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर जनपद के समस्त धान क्रय केंद्रों का सघन निरीक्षण उप जिलाधिकारियों द्वारा कराया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर समयबद्ध भुगतान प्राप्त हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी धान क्रय केंद्रों पर क्रय व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, किसानों के बैठने एवं पेयजल की सुविधा, बारदाना की उपलब्धता तथा भुगतान की स्थिति का गहन परीक्षण कर रहे हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों से किसी प्रकार की अवैध कटौती न की जाए तथा बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान क्रय केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक किसान के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जा रहे हैं। साथ ही केंद्रों पर दैनिक क्रय प्रगति, भुगतान की अद्यतन स्थिति एवं अभिलेखों के संधारण की भी जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो और धान खरीद व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद कार्य को गंभीरता से लेते हुए नियमित निरीक्षण जारी रखें, जिससे किसानों को अधिक से अधिक राहत मिल सके और क्रय व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें