कानपुर देहात, आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग/नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट स्थित मॉ० मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद के विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, कानून व्यवस्था तथा मा० मंत्री जी एवं नोडल अधिकारी की अध्यक्षता में हुई पूर्व बैठकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी थानों में एक ही मालखाना स्थापित किया जाए। थानों में खड़े जब्त वाहनों की समय-समय पर नीलामी कराई जाए तथा एक सेंट्रल यार्ड विकसित किया जाए, जहां सभी वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा किया जा सके। पुलिस विभाग से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को अभियान चलाकर अधिक से अधिक परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा उनकी आजीविका सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए समूहों को बैंक से क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया जाए तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालन हेतु समूह की सखियों को लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई जाएं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने तथा रोड रिस्टोरेशन का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक माह विद्युत बिल समय से उपलब्ध कराने, बड़े बकायेदारों से वसूली सुनिश्चित करने एवं कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा विद्युत सखी के माध्यम से बिल कलेक्शन को बढ़ावा दिया जाए। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए। कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समयावधि में मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी ने अधिक से अधिक मछुआ समुदाय के पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने तथा पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के निरीक्षण पर जाने वाले अधिकारी ग्राम सचिवालय के रजिस्टरों का भी अनिवार्य निरीक्षण करें। नगर निकायों को सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनपद में पुस्तक मेला आयोजित कराने, विद्यालयों में छात्र उपस्थिति बढ़ाने तथा शासन के नियमानुसार मिड-डे-मील उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। नोडल अधिकारी ने आलमचन्द्रपुर स्थित इन्क्यूबेशन सेंटर को शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को डैशबोर्ड पर अद्यतन आंकड़े फीड करने एवं विभागीय योजनाओं में प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।











