नोडल अधिकारी ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए

कानपुर देहात, आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग/नोडल अधिकारी जनपद कानपुर देहात श्री जी.एस. प्रियदर्शी द्वारा आज जनपद कानपुर देहात में ग्रोथ सेंटर जैनपुर मार्ग (नवीपुर–गजनेर मार्ग) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी द्वारा सड़क की चौड़ाई, गहराई, लंबाई, बेस एवं सतह की गुणवत्ता सहित निर्माण कार्य के प्रत्येक तकनीकी पहलू का गहनता से परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तथा तय समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई जाती है अथवा किसी विभाग की उदासीनता के कारण परियोजना में अनावश्यक विलंब होता है, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
नोडल अधिकारी द्वारा विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि लाइन शिफ्टिंग एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में विलंब होने से आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं में देरी होती है, जो शासन की मंशा के विपरीत है। अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके और आवागमन सुचारु बना रहे।
तत्पश्चात नोडल अधिकारी द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने हेतु निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य मानक गुणवत्ता के अनुरूप एवं निर्धारित समय अवधि में पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त सरिया की गुणवत्ता की जांच कराए जाने के निर्देश भी दिए, ताकि भवन की मजबूती एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके। नोडल अधिकारी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जा रहे संस्थान को सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। साथ ही निर्माणाधीन हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुविधा के अनुरूप आवास, स्वच्छता, विद्युत, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को विकसित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने परिसर में स्थापित आईसीटी कंप्यूटर लैब का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। इस अवसर पर नोडल अधिकारी द्वारा बीटीसी प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए गए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें